हाथरस। जिला अस्पताल में पुलिस की हिरासत से भागी युवती की बरामदगी के लिए हाथरस गेट पुलिस चकरघिन्नी बन गई है। देर रात तक हाथरस गेट पुलिस ने शहर में कई जगह युवती की तलाश की। जिला अस्पताल का चप्पा-चप्पा छान मारा, लेकिन वह नहीं मिली। थाना पुलिस अगर जल्द युवती की बरामदगी नहीं कर सकी तो युवती के साथ मौजूद एक महिला और एक पुरुष सिपाही पर गाज गिर सकती है। हालांकि एसपी ने युवती की तलाश में एक टीम का गठन कर दिया है।
युवती थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित अपनी ननिहाल में आई थी। यहीं उसकी एक युवक से दोस्ती हो गईं। दोनाें 14 अप्रैल को घर से चले गए। परिजनों ने 17 अप्रैल को थाना हाथरस गेट में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो दिन पहले इस युवती को ढूंढ निकाला। पुलिस युवती को डॉक्टरी जांच के लिए महिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। शाम पांच बजे के बाद किसी महिला को थाने पर रखे जाने का प्रावधान नहीं है, इसलिए युवती को महिला अस्पताल ले जाया गया था। उसके साथ एक महिला कांस्टेबल और एक पुरुष कांस्टेबल था। पुलिस के मुताबिक युवती ने रात में ही किसी तरह अपने प्रेमी से संपर्क साध लिया। रात को वह दोनों सिपाहियों को चकमा देकर प्रेमी के साथ भाग निकली। एसओ हाथरस गेट कोतवाली केपी सिंह का कहना है कि युवती की तलाश की जा रही है। एक टीम को इस कार्य में लगाया गया है। जल्द ही पुलिस युवती को ढूंढ निकालेगी।