आगरा रोड पर गांव चदपा के निकट रोडवेज बस और थाना हाथरस गेट क्षेत्र में एनएच पर हुई लूट की घटना कि खुलासे के लिए पुलिस हाथ-पैर मार रही है, लेकिन अभी तक उसके हाथ कोई कामयाबी नहीं लगी है।
पुलिस यात्रियों से लूटे गए मोबाइल फोन के आधार पर बदमाशों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश में लगी है, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पा रही है। मोबाइल ट्रैकिंग से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीमों ने कई जगहों पर दबिशें भी दी हैं। जिले के कुछ शातिर तत्वों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है, लेकिन पुलिस कोई खास तथ्य नहीं जुटा सकी है।
हाथरस के अलावा अलीगढ़, एटा, मथुरा और आगरा के कई ऐसे शातिर गैंगों को भी पुलिस ने चिन्हित किया है, जोकि इस तरह की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। उनकी पूरी कुंडली निकाली जा रही है। पुलिस जल्द ही इनमें से कुछ शातिरों को उठाकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पुलिस को जानकारी मिली है कि बदमाश यात्रियों से लूटे गए मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे पुलिस को जल्द ही उन तक पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
गौरतलब है कि थाना चंदपा क्षेत्र में रोडवेज बस में हुई लूटपाट व कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में रुहेड़ी पर नवविवाहिता से जेवरात और नकदी लूट की वारदातों ने जिले की पुलिस को हिलाकर रख दिया है। इन वारदातों के जरिए बदमाशों ने पुलिस को कड़ी चुनौती दी है।