सदर कोतवाली क्षेत्र की लाला का नगला पुलिस चौकी में दारू पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद वीडियो में जाम छलकाते दिख रहे चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह और एचसीपी जगदीश चंद्र को निलंबित कर दिया गया। एएसपी अरविंद कुमार का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक आरोपी निलंबित रहेंगे।
सार्वजनिक स्थानों पर सरकार ने शराब पीने पर पाबंदी लगा रखी है। पुलिस ऐसे मामलों में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती रही है। लाला का नगला शहर का सबसे संवेदनशील इलाका है। यहां की फिजा बिगड़ने पर शहर की शांति को खतरा पैदा हो जाता है। ऐसे में लाला के नगला में पुलिस का शराब पीना कानून-व्यवस्था के साथ शहर की शांति को भी खतरे में डाल सकता है।
लाला के नगला के लोगों के वीडियो के कई दिन से वायरल होने की बात कही जा रही है, लेकिन शनिवार को मामले के मीडिया में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया और कार्रवाई की। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि यह वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। ऐसा लगता है कि पुलिसकर्मियों के साथ दारू पार्टी में शामिल किसी शख्स ने इस वीडियो को अपने मोबाइल से बनाया है।
एएसपी ने बताया कि पार्टी में आरोपी चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह और एचसीपी जगदीश चंद्र के अलावा एक और दरोगा व दो सिपाहियों के शामिल होने की बात भी मोहल्ले के लोगाें ने बताई है, लेकिन पुलिस ने उन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जो वीडियो में दिखाई नहीं दे रहे। एएसपी अरविंद कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में अगर दूसरे पुलिसकर्मियों के होने की बात सामने आएगी तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।