शहर के कमला बाजार से बीते दिनों एक युवती का अपहरण कर लिया गया। बाजार से घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और इसके बाद उन्होंने कई दिन तक युवती को खोजा। खोजबीन के बाद परिजनों ने कुछ युवकों पर युवती के अपहरण का आरोप लगाया है, हालांकि इन युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
19 वर्षीय युवती कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। परिजनों के मुताबिक युवती 22 जनवरी को घर से कमला बाजार खरीदारी के लिए आई थी। तभी से उसका पता नहीं चल रहा है। युवती को तलाशने के लिए रिश्तेदारों और नजदीकी संबंधियों से भी बात की गई। शहर के आसपास गांवों के अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लोगों से युवती के संबंध में जानकारी की गई। परिजनों ने उसकी तस्वीर लेकर कई दिन तक सुराग तलाशने की कोशिश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।
खोजबीन से परेशान परिजनों ने जब शहर के कमला बाजार में युवती की तस्वीर दिखाई तो कुछ लोगों ने युवती को अज्ञात युवकों द्वारा अपने साथ ले जाने की बात परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को युवती के अपहरण की तहरीर दे दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।