हमले के बाद चोट के निशान दिखाते जेई विद्युत।
- फोटो : amar ujala
इलाके के रुहेरी गांव में चक्की संचालक और उसके परिजनों ने विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता की जमकर पिटाई की। पीड़ित अभियंता का कहना है कि वह विद्युत चोरी की शिकायत पर छापा मारने गए थे जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि उक्त जेई ने घर में घुसकर उनके परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ की।
इस संबंध में जेई अजय गोपाल का कहना है कि विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर चोरी की बिजली से आटा चक्की चलने की शिकायत मिली थी। इस पर रंगे हाथ पकड़ने के लिए वे शनिवार सुबह छह बजे रुहेरी गांव पहुंचे। जैसे ही एलटी लाइन पर पड़ी कटिया की वीडियो बनाना शुरू किया, उन पर चक्की संचालक और उसके परिजनों ने हमला बोल दिया। जेई के साथ जमकर मारपीट की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कीमती मोबाइल छीनने के बाद उन्हें पीटते हुए बेडरूम में लाकर उनके पैर बांध दिए गए। मोबाइल कैमरे पर उनसे जबरन यह कुबूल करने को कहा गया कि वह छेड़छाड़ के इरादे से घर में घुसे थे। ऐसा नहीं कहने पर उन्हें लोहे की रॉड से पीटा गया। उनके साथ दो संविदा कर्मी भी थे। हमले में वह भी घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची हाथरस गेट पुलिस ने उनको बचाया और थाने लेकर आई।
हमले में घायल जेई के लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने जांच की बात कहते हुए देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष ने जेई पर घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। दूसरा पक्ष भी गांव के कई लोगों के साथ थाने आया था। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
कोतवाली में मौजूद विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने कहा कि जेई की पिटाई के बावजूद विभाग के आला अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली है। विद्युत कर्मचारी यूनियन के नेता जितेंद्र यादव ने कहा कि अगर इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करती तो आंदोलन किया जाएगा। जरूरी हुआ तो हड़ताल भी की जाएगी।