मुरसान क्षेत्र के गांव जैतपुर में शुक्रवार को शराब पीने का विरोध करने पर एक सराफ ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली महिला के सिर में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मृतका के भाई विजेंद्र सिंह पुत्र केशवदेव निवासी गांव ककरेठिया थाना राया, मथुरा का कहना है कि उसकी बहन संजू (35) की 16 वर्ष पूर्व योगेंद्र उर्फ भोला से शादी हुई थी। भोला की मुरसान कस्बे में सराफ की दुकान है लेकिन वह शराब पीने का आदी है। शराब पीकर आए दिन घर में झगड़ा करना और संजू के साथ मारपीट करना आम बात थी। शुक्रवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान तीनों बच्चे घर में नहीं थे। आरोपी भोला ने तमंचे से संजू को गोली मार दी और घर से भाग गया।
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। काफी देर बाद कुछ ग्रामीण साहस कर संजू के घर में पहुंचे और खून से लथपथ शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। वारदात के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी योगेंद्र उर्फ भोला के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।