कॉलेज में चोरी के बाद पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते बच्चे और कर्मचारी।
- फोटो : amar ujala
मनौरा गांव स्थित श्री बाबू सिंह इंटर कालेज में मंगलवार रात बदमाशों ने प्रधानाचार्य कक्ष का ताला तोड़कर हजारों की नकदी पार कर दी थी। इसे लेकर ग्रामीणों के द्वारा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर लगाम न कस पा रही कोतवाली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया गया।
जानकारी के अनुसार मनौरा निवासी ठा. चोब सिह जादौन के द्वारा गांव के बाहर श्री बाबू सिह इंटर कालेज स्थापित है। इसी कालेज में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों के द्वारा कालेज के तालों को तोड़कर प्रधानाचार्य कक्ष से रजिस्टर व सोलह हजार रुपए की नकदी पार कर दी गई थी। बुधवार की सुबह कालेज के प्रधानाचार्य राकेश कुमार जब कालेज पहुंचे तो कालेज के कमरो के ताले टूटे देख कर चकित हो गए।
राकेश ने तत्काल संस्थापक ठा. चोब सिह को चोरी होने की जानकारी दी। इस संबंध में ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश न लग पाने के कारण प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पिछले काफी समय से गांव में अज्ञात बदमाशों के द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है, मगर पुलिस के द्वारा गांव में एक भी बार गश्त नहीं लगाई जाती है।
इसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों द्वारा हर रोज नए घर में सेंध लगाई जा रही है। ग्रामीणाें ने एसपी डा. अजयपाल शर्मा व एसओ नरेंद्र पाल सिंह से गांव में पुलिस द्वारा गश्त लगाए जाने की मांग की।