अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र के गांव गुर्ज नगरिया में 21 सितंबर को हुई लाखों की नकदी और मोबाइल लूट के आरोपी हाथरस पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने पकड़े गए चार आरोपियों के पास से लूटे गए 19 मोबाइल फोन में से 15 बरामद कर लिए हैं।
बरामद हुए ओप्पो कंपनी के कई न्यू ब्रांड मोबाइल फोन की बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है। दो आरोपी फरार हैं, पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। आरोपियों ने हाथरस गेट थाना क्षेत्र में 12 सितंबर को हुई 25 हजार रुपये की लूट और इससे पहले सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में 18 अगस्त को हुई लूट की वारदात में भी शामिल होने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस ने हाथरस गेट थाना क्षेत्र में लूटे गए 25 हजार रुपये में से 10 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
21 सितंबर को अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र में गांव गुर्ज नगरिया के समीप दिनदहाड़े बदमाशों ने मोबाइल के सेल्समैन ऋषि सिंघल को रोक लिया था। ऋषि गोरई से शाम करीब चार बजे लौटते समय गांव गुर्ज नगरिया के समीप लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उससे रुपयों भरा थैला छीन लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मार दी। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। थैले में 16 नए मोबाइल, करीब दो लाख रुपये थे।
सेल्समैन ने सबसे पहले डिस्ट्रिब्यूटर प्रशांत को सूचना दी। पुलिस लाइन में लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एसपी घुले सुशील और एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि हाथरस में लूट की दो वारदातों की तफ्तीश में जुटी एसओजी और हाथरस गेट पुलिस ने मुखबिर से मिली जानकारी के बाद आरोपियों के यहां जब तलाशी ली तो उनके यहां कई नए मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में आरोपियों ने गोंडा में लूट की वारदात के बारे में बताया।