सिकंदराराऊ/हाथरस (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र की चौकी अगसौली के एक गांव में 15 वर्षीय लड़की के साथ दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने उस समय रेप किया, जब वह खेत में गई हुई थी। मंगलवार को घटना की रिपोर्ट पीड़िता के भाई ने एक नामजद और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए हाथरस भेजा है। सामूहिक दुष्कर्म की वारदात से गांव में तनाव व्याप्त हो गया।
किशोरी सोमवार की शाम को अपने खेत स्थित बुर्जी से भुस निकाल रही थी कि तभी गांव के एक युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया। किशोरी चीखती, उससे पूर्व युवक के साथ दो अन्य युवकों ने उसका मुंह दबा लिया। तीनों ने उससे दुष्कर्म किया और चुप रहने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने घर आकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। रात्रि में ही परिजनों के साथ किशोरी कोतवाली आ रही थी तो परिजनों को डराकर उन्हें आने से रोक दिया गया। मंगलवार को किशोरी अपने परिजनों के साथ कोतवाली आई। पीड़िता के भाई ने कमरुद्दीन तथा दो अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर पुलिस जब तक गांव में पहुंची, तब तक आरोपी का पूरा परिवार गांव छोड़कर भाग चुका था।
हिंदूवादियों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांगः चौकी अगसौली के दारोगा जब पीड़िता से पूछताछ कर रहे थे। तभी हिंदूवादी वहां पहुंच गए। आरोप है कि दारोगा किशोरी से आपत्तिजनक सवाल पूछ रहे थे। हिंदूवादियों ने ऐतराज किया तो दारोगा चुप हो गया। भाजपा नेता नरेंद्र सिंह चौहान और सत्यप्रकाश यादव ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।