एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे के बाद विलाप करते परिजन।
जिले के सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गांव मिढ़ावली के पास रविवार को सफारी और स्कोडा कार के बीच भिंड़त हो गई। इसमें सीबीएसई के ज्वाइंट सेक्रेटरी, ट्रेनिंग के दो पुत्रों व एक पुत्री की मौत हो गई, जबकि दूसरी गाड़ी में सवार फिरोजाबाद के एक उद्यमी ने भी दम तोड़ दिया।
उसके साथ स्कोडा में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। कुछ देर के लिए एक्सप्रेस वे का यातायात थम गया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय लाया गया। वहां पहुंचे परिजनों ने इनकी शिनाख्त की।
सीबीएसई के ज्वाइंट सेक्रेटरी, ट्रेनिंग डॉ. रामशंकर यादव निवासी सी-201 मेफेयर अपार्टमेंट 96 आईपी एक्सटेंशन दिल्ली के पुत्र प्रशांत (19 वर्ष) प्रभांश (17 वर्ष) और पुत्री प्रचिता (18 वर्ष) सफारी गाड़ी से दिल्ली से अपनी मां से मिलने के लिए हरदोई जा रहे थे। जब इनकी कार यमुना एक्सप्रेस-वे पर सादाबाद क्षेत्र में गांव मिढ़ावली के पास पहुंची तो पहले डिवाइडर से टकराई, इसके बाद आगरा की तरफ से आ रही स्कोडा गाड़ी से तीव्र गति से टकरा गई। स्कोडा में सवार मोहनकांत (45 वर्ष) निवासी मक्खनपुर फिरोजाबाद अपने दोस्त आशीष बंसल के साथ दिल्ली जा रहे थे। गाड़ी को उनका चालक चला रहा था।
इस भीषण भिड़ंत में सफारी गाड़ी में सवार प्रशांत, प्रभांश और प्रचिता ने दम तोड़ दिया, जबकि स्कोड़ा गाड़ी में सवार मोहनकांत की भी मौत हो गई। उनका मित्र आशीष व गाड़ी चालक घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इन्हें क्षतिग्रस्त गाड़ियों में से निकाला। घायलों को उपचार के लिए आगरा भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को जिला अस्पताल लेकर आई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शवों की शिनाख्त की।