ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह का खुलासा करतीं सीओ सिटी प्रीति सिंह।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात को मुठभेड़ के बाद जलेसर रोड गंदे नाले के पुल के पास से चार शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह चारों टिर्री रिक्शा लूटने वाले गिरोह के सदस्य हैं। मुठभेड़ के दौरान गिरोह का सरगना पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के कब्जे से दो तमंचा मय कारतूस, दो छुरा, 505 ग्राम नशीला पाउडर और तीन टिर्री रिक्शा बरामद किए हैं। भागे हुए सरगना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सीओ सिटी प्रीती सिंह ने कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि सोमवार की रात को शहर कोतवाल मनोज शर्मा जलेसर रोड पर गश्त पर थे। उसी समय उनको जलेसर रोड गंदे नाले के पुल के निकट से पांच युवक संदिग्ध हालात में घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब इन युवकों को टोका तो इन युवकों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस दल ने अपना बचाव करते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर चार युवकों को मौके से ही दबोच लिया, जबकि एक युवक पुलिस पार्टी पर फायर करता हुआ भाग गया। सीओ के मुताबिक पुलिस द्वारा पकडे़ गए युवकों ने अपने नाम नरेश पुत्र सत्यप्रकाश, केहरी, टीकम निवासीगण वामन नगला कोतवाली गंगीरी अलीगढ़ एवं शाहिद पुत्र अब्दुल रऊफ निवासी छोटा नवीपुर कोतवाली सदर हाथरस बताए हैं, जबकि भागे हुए बदमाश का नाम दुर्गेश निवासी वामन नगला कोतवाली गंगीरी अलीगढ़ बताया है। यह बदमाश ई रिक्शा चालकों को कोल्डड्रिंक और अन्य पेय पदार्थों में नशीला पाउडर मिलाकर अचेत कर रिक्शा लूटने की वारदातें करते थे। एसपी ने इस उपलब्धि पर पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
ये पुलिस कर्मी रहे टीम में शामिल
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में शहर कोतवाल मनोज शर्मा, एसआई अवधेश कुमार प्रभारी चौकी चामड़ गेट, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार प्रभारी चौकी मुरसान गेट, एचसीपी सुरेशचंद्र शर्मा कोतवाली हाथरस, कांस्टेबिल धर्मवीर सिंह, देवेंद्र सिंह आदि प्रमुख थे।