हाथरस (ब्यूरो)। एमजी पॉलीटेक्निक के बाहर दो छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद एक छात्र के समर्थन में पहुंचे एक युवक ने फायर झोंक दिया। फायरिंग के बाद हमलावर अय्यापुर की ओर भाग निकले। मामले की शिकायत सदर कोतवाली पुलिस को की गई है।
एमजी पॉलीटेक्निक में पढ़ने वाले छात्रों के बीच मारपीट और फायरिंग की किस्से आम है। संस्थान में पढ़ने वाले अलीगढ़ के छात्रों का झगड़ा गंगचौली के एक लड़के से हो गया। गेट पर पहले इनके बीच कहासुनी हुई, फिर मारपीट हो गई। पिटने के बाद गंगचौली का यह लड़का अपने साथियों को बुला लाया, इनमें से एक के पास तमंचा था। इसने फायर कर दिया।
इससे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद हमलावर छात्र मौके से भाग निकले। अलीगढ़ के रहने वाले छात्रों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली निरीक्षक एके सिंह का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिल चुकी है। मामले की सत्यता की जांच की जा रही है।