शहर में स्थित काशीराम कॉलोनियों में लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे
दबंगों के खिलाफ तहसील प्रशासन ने अभियान चलाकर उन्हें आवासों से निकाल
दिया। उनकी जगह पर लाटरी सिस्टम से आवास पाने वाले तमाम लाभार्थियों को
कब्जा दिलाया गया। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान गढ़ी रोड स्थित काशीराम
कॉलोनी में तहसील प्रशासन को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। जिसे
देखते हुए वहां पुलिस बुलानी पड़ी।
तहसीलदार सदर राजीव शुक्ला के मुताबिक आवासों में फर्जी लोगों के निवास करने की शिकायत पर करीब डेढ़ साल पहले ही प्रशासन ने सर्वे कराया था। जिसमें डीसी रोड, गढ़ी रोड, लालपुर और भंसड़िया में स्थित काशीराम कॉलोनियों में 63 आवास दबंग व्यक्तियों के कब्जे में पाए गए थे।
उस समय तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इन आवासों को अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन अराजकतत्व तहसील प्रशासन का ताला तोड़कर अवैध रूप से काबिज हो गए थे। पिछले दिनों इन आवासों के आवंटन के लिए प्रशासन ने लाटरी सिस्टम से लाभार्थियों का चयन किया था। जिन्हें कब्जा दिलाने के लिए तहसील प्रशासन द्वारा अभियान चलाया गया। मंगलवार को गढ़ी रोड स्थित काशीराम कॉलोनी में अभियान चलाकर अवैध रूप से रह रहे लोगों को आवासों से बाहर निकाला गया। तहसीलदार ने बताया कि गढ़ी रोड के काशीराम कॉलोनी के 21 आवासों में डीएम के निर्देश पर पात्र व्यक्तियों को कब्जा दिलाया गया।