मशहूर ब्रांड के नाम पर नकली जूते बेचने के आरोप में शहर के एक विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। छापेमारी के दौरान कमला बाजार चौराहा स्थित उसकी दुकान से बड़ी संख्या में उस कंपनी के नाम वाले नकली जूते-चप्पल बरामद किए गए।
एडिडास कंपनी के लीगल एडवाइजर सचिन शर्मा ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि उनके ब्रांड के नाम पर नकली जूते- चप्पल बेचे जा रहे हैं। इस शिकायत की पुष्टि के लिए कंपनी की टीम हाथरस आयी थी। इस टीम ने कोतवाली पुलिस को इस बारे में सूचना देकर मदद मांगी। इन लोगों ने मंगलवार को पहले शहर की एक दुकान से अपने एजेंट के माध्यम से अपने ब्रांड के जूते खरीदवाए, जो नकली पाए गए। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी में उन्होंने एक दुकान पर नकली सामान भी बरामद किया है।
शहर में लंबे समय से कॉल सेंटर के माध्यम से विभिन्न नामी कंपनियों के ब्रांडेड सामान बेचकर उपभोक्ताओं के साथ ठगी का कारोबार चल रहा था। इस संबंध में पुलिस द्वारा पिछले दिनों हुई छापेमारी के बाद अब इन कारोबारियों ने अपना तरीका बदल दिया है। इस नए तरीके के तहत ही कुछ जूता कारोबारी भी अब विभिन्न नामी कंपनियों के नाम के जूते और स्लीपर बनवाकर उन्हें बेच रहे हैं।
एडिडास कंपनी के लोगों ने तहरीर दी है। इसके आधार पर कृष्णा शूज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- जेएस पवार, सदर कोतवाल