उरई। ग्राम चकजगदेवपुर में जमीन के विवाद में चली लाठियों में महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए थे। इसमें एक पक्ष ने नौ लोगों व दूसरे पक्ष ने तहरीर देकर 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। झगड़े के दौरान हवाई फायरिंग भी हुई थी जिससे गांव में दहशत का माहौल है। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
बता दें कि सोमवार देर रात उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकदेव में प्रभूदयाल कुशवाहा और दिनेश कुशवाहा के बीच मंदिर की जमीन को लेकर हुए विवाद में हवाई फायरिंग व लाठियां चलने से 11 लोग लहूलुहान हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष के प्रभूदयाल, बद्रीप्रसाद, रामदास, भजनलाल, भारत सिंह, गीता, मीना और राजेश्वरी तथा दूसरे पक्ष के दिनेश, रामबिहारी व अतुल कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया था।
प्रभूदयाल और बद्रीप्रसाद को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था। मंगलवार को प्रभूदयाल के भतीजे भारत सिंह पुत्र रामदास की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के दिनेश, महेश पुत्रगण रामेंद्र, रामशंकर पुत्र बल्लू, शिव सिंह, अतुल सिंह और छोटे पुत्रगण रामशंकर, केदार और राम पुत्रगण रामबिहारी व मुन्ना पुत्र हरीराम के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं दूसरे पक्ष के महेश सिंह ने गांव के रामदास पुत्र छदामी, बलवान सिंह, बद्री और भारत सिंह पुत्रगण रामदास, शैलेंद्र सिंह पुत्र बलवान सिंह, भजन लाल पुत्र छदामी, गोविंद और उदय सिंह पुत्रगण भजनलाल, राघवेंद्र पुत्र गोविंद, प्रभूदयाल पुत्र छदामी, चंद्रप्रकाश पुत्र दशरथ व कौशल पुत्र प्रभूदयाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर पर दोनों ही पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
-जमीन के विवाद में चलीं थीं लाठियां व हुई थी हवाई फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो