श्याम गैस एजेंसी के कछपुरा स्थित गोदाम पर स्टाफ के साथ स्थानीय युवकों ने जमकर मारपीट की है। एजेंसी के मैनेजर ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपियों पर कर्मचारियों और एजेंसी के मालिकों को धमकाते हुए हजारों रुपये महीने की चौथ मांगने का आरोप लगाया है।
मैनेजर ने कहा है कि आरोपियों ने चौथ न देने पर गैस वितरण का कार्य बंद कराने की धमकी दी है। आरोपी अपराधी प्रवृति के हैं। मारपीट की घटना के बाद से स्टाफ दहशत में है।
सत्यपाल सिंह श्याम गैस एजेंसी पर बतौर मैनेजर कार्य करते आ रहे हैं। सत्यपाल का कहना है कि सात नवंबर को सुबह नौ बजे हॉकरों को गैस का वितरण किया जा रहा था।
कुछ हॉक र गैस ले जा चुके थे। इसी बीच कछपुरा निवासी तीन सगे भाई आए और उन्होंने कछपुरा के रहने वाले मनोज उर्फ कालिया पुत्र राजवीर से मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कर्मचारियों से 15 हजार रुपये महीने की चौथ मांगते हुए कहा कि अगर गोदाम पर काम करना है तो चौथ देनी होगी।
आरोपियों ने गोदाम इंचार्ज वीरू पुत्र बनवारी लाल को हड़काया और कहा कि एजेंसी मालिक को हर महीने 50 हजार रुपये देने होंगे नहीं तो इस गोदाम पर किसी को काम नहीं करने दिया जाएगा। यही नहीं आरोपियों ने एजेंसी में पार्टनर अशोक कुमार, मुकेश कुमार पुत्र श्याम लाल मौर्य को उनके मोबाइल फोन पर धमकाया भी।
आरोपी ने फोन पर कहा कि गैस बांटने का काम उसने बंद करा दिया है। अगर गैस बांटनी है तो उसे चौथ देनी होगी। सत्यपाल सिंह ने पुलिस से कहा है कि कंपनी के हॉकर और गोदाम में काम करने वाला स्टाफ भयभीत है। आरोपी अपराधी प्रवृति के हैं और पहले भी हत्या जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई तय की जाएगी। गुंडागर्दी करने या चौथ के लिए मारपीट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रजनेश तिवारी, कोतवाल हाथरस गेट