हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव धौरपुर में एक बच्चे को ट्यूटर द्वारा पीटे जाने के बाद गुरुवार की रात को दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे गांव में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। संघर्ष में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों से तहरीर ले ली गई है। मामले की दोतरफा रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गांव धौरपुर में एक युवक संदीप कुमार ट्यूशन पढ़ने का काम करता है। वह एक पक्ष के छात्र को ट्यूशन पढ़ाता है। गुरुवार को छात्र की तबियत एकाएक खराब हो गई। आरोप है कि इस दौरान छात्र का शिक्षक से विवाद हो गया। शिक्षक पर छात्र को तमाचा जड़ने का आरोप है। छात्र ने इसके बारे में अपने घर जाकर जानकारी दी। शिक्षक का आरोप है कि छात्र के परिजनों ने उसके घर आकर उससे मारपीट की।इसके बाद शिक्षक पक्ष के काफी लोग भी वहां आ गए। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। लात-घूसों से मारपीट हुई। मारपीट के बाद दोनों पक्षों के एक-दूसरे से दूर होने पर जमकर पथराव हुआ। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का बागला जिला अस्पताल में उपचार कराया है। हाथरस जंक्शन कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। दोनों पक्षों से तहरीर ले ली गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।