एनएच 91 (जीटी रोड) पर स्थित गांव रतनपुर के पास शनिवार तड़के पांच बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। इसमें हापुड़ निवासी एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक व क्लीनर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर में दोनों ट्रकों के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद रोड पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस के अलीगढ़ से क्रेन मंगाकर ट्रकों के हटाने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका।
एक ट्रक कानपुर से नमक लादकर हापुड़ जा रहा था। सिकंदराराऊ से तीन किमी आगे गांव रतनपुर के पास एटा की तरफ जा रहे ट्रक से इसकी आमने सामने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनाें ट्रकों के परखचे उड़ गए। इस दौरान हुई तेज आवाज पर गांव वाले दौड़ कर घटनास्थल पर पहुंच और राहत कार्य में लग गए। वहीं, किसी ने पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। एक ट्रक के चालक शैलेश कुमार तथा क्लीनर मनोज निवासी फतूपुरा पटना बिहार को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को रैफर कर दिया गया।
वहीं, हापुड़ जा रहे ट्रक का चालक शाहिद पुत्र कलवा निवासी गांव बुहारी हापुड़ की स्टेयरिंग में फंसने के कारण मौत हो गई। एक घंटे की मशक्त के बाद स्टेयरिंग काट कर शव को बाहर निकाला गया। इस ट्रक का क्लीनर बजरुद्दीन निवासी मेरठ घायल हो गया। टक्कर के बाद देनों ट्रक सड़क पर फंस गए और जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद कोतवाल मनोज शर्मा ने अलीगढ़ से क्रेन मंगा कर क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाया। वहीं, चालक के शव को पुलिस ने पीएम के लिए भेजा है।