शहर की एक युवती ने नौ युवकों पर शनिवार रात को छेड़छाड़ करने, कपड़े फाड़ने और विरोध करने पर पिता व भाई को तमंचों की बटों से पीटने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे पीड़ित परिवार को आसपास के लोगों ने बचाया। पुलिस ने मामले में दो नामजदों समेत नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवती के मुताबिक शनिवार रात को खाना खाने के बाद वह घर के पास ही सड़क किनारे टहल रही थी। इस दौरान आरोपी रमन शर्मा पुत्र कृष्ण मुरारी शर्मा निवासी लेबर कॉलोनी व रितिक अरोड़ा अपने छह-सात अज्ञात साथियों के साथ वहां आए और उससे छेड़छाड़ करने लगे। युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि आरोपियों ने उससे कहा कि वह उसे काफी समय से पसंद करते हैं। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को सड़क किनारे जमीन पर गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। उसने शिकायत में बेइज्जत किए जाने की बात भी कही है।
आरोपियों के चंगुल से निकलकर युवती अपने घर पहुंची। उसने पिता व भाई को इस घटना के बारे में बताया। इस पर युवती के पिता ने आरोपियों में से एक के घर पहुंच कर विरोध जताया। उनके लौटने के कुछ देर बाद ही आरोपी हाथ में तमंचे आदि लेकर घर में घुस आए। घर में तोड़फोड़ करते हुए उन्होंने पिता व भाई के साथ तमंचों की बटों से मारपीट की। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। उन्होंने युवती और उसके परिवार को आरोपियों से बचाया। युवती ने शनिवार रात को ही इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी थी। थाने में भी दोनों पक्ष इकट्ठा हो गए और काफी हंगामा भी हुआ।
युवती की शिकायत पर आरोपी रमन शर्मा, रितिक अरोड़ा व सात अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छेड़छाड़, बलवा करने, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- अनिल कुमार सिंह, कोतवाल