हाथरस। मुरसान में एक ढाबे के मालिक और इस ढाबे पर काम करने वाले दो कर्मचारियों को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। तीनों मंगलवार सुबह ढाबे से 200 मीटर दूर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े पाए गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचित कर दिया। अस्पताल में देर शाम तक तीनों को होश नहीं आया था। परिजनों को ढाबे पर लूटपाट की आशंका है।
मुरसान के गांव भकरोई के राहुल ने बताया कि उनके पिता सोनवीर सिंह का कस्बे में लव होटल के नाम से ढाबा है। सोमवार रात को ढाबे पर उनके पिता सोनवीर व दो कर्मचारी अशोक पुत्र कुंदन सिंह निवासी दाऊजी और पुरुषोत्तम पुत्र बाबूलाल निवासी बल्देव, महावन मौजूद थे। राहुल मंगलवार सुबह जब ढाबे के लिए घर से निकला तो 200 मीटर पहले तीनों सड़क किनारे एक गड्ढे में अचेत पड़े हुए थे। यहां लोगों की काफी भीड़ लगी हुई थी। राहुल ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहरखुरानी की सूचना पर मुरसान पुलिस भी बागला जिला अस्पताल पहुंची। डॉक्टर ने जहरखुरानी की आशंका जताते हुए उपचार शुरू कर दिया। तीनों के बेसुध होने के कारण पुलिस और परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। राहुल ने बताया कि वह वापस ढाबे पर जाकर देखेंगे कि लूटपाट की गई है या नहीं। मुरसान कोतवाल एसपी सिंह का कहना है कि ढाबा मालिक और कर्मचारियों के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के शिकायत किए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।