जसवंतनगर क्षेत्र में वृद्ध की हत्या पर रोते-बिखलते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
जसवंतनगर (इटावा)। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के कचौरा रोड पर लखेरे कुंआ के पास टीलों के बीच खेत में बकरी चराने गए एक वृद्ध की मंगलवार को गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे ससुराल में मिली जमीन की रंजिश बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया ।
ग्राम खूबे की मडै़या थाना बलरई निवासी 70 वर्षीय मान सिंह राजपूत बकरियां लेकर मंगलवार सुबह 11 बजे घर से निकला था। गांव से लगभग एक किमी दूर लखेरे कुंआ से दक्षिण की ओर कचौरा रोड के किनारे टीलों के बीच बकरी चराते देखा गया था।
लगभग 11:30 बजे किसी ने लहूलुहान हालत में पड़ा देख उसके घर पर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसके हाथ पीछे उसी की धोती से बंधे हुए थे। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया प्रतीत हो रहा था।
उसकी एक आंख फोड़ दी गई थी। उसके शरीर पर चाकुओं के निशान दिखाई दे रहे थे। बताया जाता है कि उसको जहाने का अड्डा दिलीप नगर में ससुराल से कुछ जमीन मिली थी। ग्रामीणों के अनुसार जमीन को लेकर वहां के लोगों से रंजिश चल रही थी।
हालांकि कुछ माह पूर्व मृतक ने जमीन बेच भी दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। डाग स्क्वायड का कुत्ता इधर-उधर घूमता रहा। पर, कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की और फि र शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।