हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव बस्तोई में सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक युवक ने अपनी पत्नी व एक रिश्तेदार युवक को घर बुलाकर बांक से बुरी तरह गोद डाला। आरोपी को शक था कि इन दोनों के बीच अवैध संबंध हैं। चीख-पुकार सुनकर भीड़ जमा हो गई तो आरोपी ने जाऊ नहर पर खड़ी यूपी 100 की पुलिस टीम के पास जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को अलीगढ़ के मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। वहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हसायन थाने पहुंचे हरीश ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व एटा के एक गांव में हुई थी। गांव का निवासी अंकज पुत्र श्रीनिवास अक्सर उसके घर आया-जाया करता था। वह उसकी पत्नी का दूर का रिश्तेदार है। उसका आरोप है कि उसने कई बार अपनी पत्नी को अंकज के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा था। मना करने पर भी पत्नी मानती नहीं थी। 14 अप्रैल को अंबेडकर शोभायात्रा में जाने के बहाने उसकी पत्नी पूरी रात अंकज के साथ उसके घर में रही। हरीश को इस बात का पता गांव वालों से लग गया। उसी दिन उसने निश्चय किया कि दोनों की हत्या कर देगा।
सोमवार की सुबह उसनेे पत्नी से फोन करवा कर अंकज को अपने घर बुलवा लिया। अंकज के आते ही उसने तेज धार की बांक से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए। जब वह घायल होकर नीचे गिर गया तो पत्नी पर भी हमला कर दिया। इससे दोनों लहूलुहान होकर तड़पने लगे। दोनों की मौत निश्चित समझ वह आत्मसमर्पण करने थाने आ गया। इधर सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह, कोतवाल हसायन प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। दोनों को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई थी। अभी इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हो पाई थी। पुलिस ने खून से सने बांक तथा मौके पर पड़े खून को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है।