जिले में पशुओं का अवैध कटान नहीं रुक रहा। सोमवार को इगलास रोड पर गांव प्रताप के निकट गोवंशों के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। वहां हिंदूवादी नेताओं के बाद पुलिस भी पहुंच गई। देखने से स्पष्ट था कि गोवंशों का कटान किया गया है और अवशेष फेंके गए हैं।
हिंदूवादी नेताओं ने आरोप भी लगाया कि गोवंशों का अवैध कटान हो रहा है और पुलिस अवैध कटान करने वालों पर कार्रवाई नहीं कर रही। पुलिस ने गोवंश के अवशेष कब्जे में ले लिए। मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। देर रात पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।
विज्ञापन
सोमवार को इगलास रोड पर गांव प्रताप के निकट सड़क से कुछ दूरी पर कुछ गोवंश के अवशेष कुछ ग्रामीणों ने देखे तो वहां भीड़ लग गई। वहां खाल और खून पड़ा था और गोवंश के कटे पैरों में रस्सियां भी बंधी थीं। इससे स्पष्ट था कि कटान के बाद गोवंश के अवशेष फेंके गए हैं। इनकी संख्या करीब आधा दर्जन रही होगी। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी नेता शिवशंकर गुलाठी और अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर आ गई। सीओ सिटी सुमन कनौजिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हिंदूवादियों का कहना था कि अक्सर इसी तरह से गाय और अन्य गोवंश को पकड़कर उनका कटान किया जाता है और पुलिस कुछ नहीं कर रही। सीओ सिटी ने इस पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हाथरस गेट थाना कोतवाली प्रभारी कैलाश बाबू ने बताया कि अवशेष के मांस के नमूने कब्जे में लेकर इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम कराने के बाद अवशेष दफना दिए गए हैं। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है।