हाथरस। सदर कोतवाली की एसओजी ने एक घर में छापा मारकर लाखों रुपये के पटाखों का जखीरा पकड़ा है। दिवाली पर बिक्री के लिए इन पटाखों का स्टॉक घर में रखा गया था। बिना अनुमति और लाइसेंस के आबादी क्षेत्र में भारी मात्रा में रखे गए पटाखे किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकते थे। पुलिस ने दो भाइयों को मौके से हिरासत में लिया है। इनके खिलाफ रात तक विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।
एसओजी को सदर कोतवाली क्षेत्र की हनुमान गली में देवेंद्र नाथ चतुर्वेदी उर्फ पतंग वालों के घर में लाखों के पटाखे के स्टॉक की सूचना मिली थी। एसओजी के साथ कोतवाली पुलिस और एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। इन्होंने घर की तलाशी ली तो वहां लाखों का पटाखा रखा था। पूछने पर देवेंद्र नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि पटाखा लोकल हैं और इसकी कीमत ज्यादा नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि शहर के एक बड़े पटाखा कारोबारी से उन्होंने यह माल खरीदा था। बागला कॉलेज में दुकान के लिए लाइसेंस दिलाने का जिम्मा भी इस पटाखा कारोबारी ने लिया था। पुलिस ने मौके से देवेंद्र नाथ चतुर्वेदी और उनके भाई संदीप चतुर्वेदी पुत्रगण नत्थीलाल चतुर्वेदी को हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस पटाखे को थाने ले आई। पटाखे को बोरों से निकालकर खुले में अलग-अलग कर माल की सही कीमत का अनुमान पुलिस लगा रही थी। कोतवाली निरीक्षक एके सिंह के मुताबिक विस्फोटक अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।