कोतवाली सहपऊ क्षेत्र में विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान सपा-बसपा समर्थकों में हुए झगड़े में बसपा समर्थक पुष्पेंद्र की हत्या के मामले में अलीगढ़ पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सोमवार को आरोप पत्र दाखिल कर दिया। यह चार्जशीट विवेचनाधिकारी सीओ अलीगढ़ पंकज श्रीवास्तव ने दाखिल की। आरोप पत्र में पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के रिश्तेदार धर्मेंद्र अग्रवाल को 17वां आरोपी बनाया गया है।
आरोप पत्र में पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के संबंधी धर्मेंद्र अग्रवाल को भी 120बी का आरोपी बनाया है। धर्मेंद्र पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के भतीजे अतुल अग्रवाल की लाइसेंसी रिवॉल्वर को घटना से पांच दिन पूर्व अपने गन हाउस में दाखिल दिखाया था, जबकि अतुल अग्रवाल ने इसी रिवॉल्वर को जिला मजिस्ट्रेट/ जिलाधिकारी हाथरस से इससे पूर्व ही 20 जनवरी को पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा आवश्यकता बताते हुए पूरे विधानसभा 2017 के चुनाव के लिए साथ रखने की परमीशन प्राप्त कर रखी थी।
जांच अधिकारी सीओ अलीगढ़ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोप पत्र में अब पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, उनके भाई राकेश अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख सहपऊ विनीत गुप्ता, रनवीर यादव, कैलाश ठेनुआ, रानू सिसौदिया, रवि पहलवान, रिंकू ठाकुर, राकेश मंस्या, गुरुमुख चौधरी, सौरभ अग्रवाल, दीप वार्ष्णेय, श्याम गुप्ता, संजीव गुप्ता के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के मतदान से दो दिन पूर्व सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव मानिकपुर में बसपा और सपा समर्थकों के बीच झगड़ा हुआ था। फायरिंग में गोली लगने से बसपा समर्थक पुष्पेंद्र निवासी जारऊ की मौत हो गई थी, जबकि दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए थे। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिराग उपाध्याय इस हमले में बाल-बाल बचे थे।