हाथरस रोड स्थित एसडीएम न्यायालय में रविवार की शाम धमाका हो गया। सोमवार की सुबह कोर्ट की साफ सफाई के दौरान इस घटना की जानकारी होते ही पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई, जिसने भी धमाके की बात सुनी, वही अवाक रह गया। मौके पर एसडीएम अभिषेक सिंह ने न्यायालय का मुआयना किया। इसके बाद सूचना पुलिस अफसरों को दी गई। सीओ सिटी और एसओ सादाबाद और इंटेलीजेंस ब्यूरो के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोपहर को डॉग स्क्वायड और आगरा अलीगढ़ की एटीएस टीमें भी पहुंच गईं। दोपहर तक अधिकारी घटना की जांच पड़ताल में जुटे रहे। दफ्तर के कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ की गई।
घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब सफाई कर्मचारी गीतम सिंह ने सोमवार की सुबह साफ सफाई के लिए कोर्ट का ताला खोला। सफाई कर्मी ने पूरे वाकये की जानकारी एसडीएम अभिषेक सिंह को दे दी। मौके पर एसडीएम पहुंच गए। एसडीएम ने कोर्ट के अंदर देखा कि मेज के आसपास जली हुई सुतली पड़ी थीं और एक जला हुआ कुल्लड़ पड़ा था। जले हुए बारूद की गंध आ रही थी। दीवार पर लगी घड़ी भी नीचे क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई थी। यही नहीं पंखे की पंखुड़ी भी टेढ़ी हो गई थीं। कोर्ट के अंदर का यह हाल देखकर एसडीएम ने कर्मचारियों से कड़ाई के साथ पूछताछ की। इसके बाद पुलिस अफसरों को इसकी जानकारी दे दी, जिसके बाद वहां सीओ सिटी आरके गौतम, एसओ सादाबाद केपी सिंह पहुंच गए। बाद में मौके पर डॉग स्क्वायड टीम ने भी तलाशी ली। डॉग स्क्वायड टीम को भी दिवाली पर जलाए जाने वाले सुतली बम की सुतली और कुल्लड़ के अलावा कुछ नहीं मिला। दोपहर को आगरा और अलीगढ़ से एटीएस की टीम भी पहुंच गई। टीम को भी जांच में कुछ खास नहीं मिला। हालांकि यह घटना आग की तरह पूरे जिले सहित आसपास के जिलों में र्फैल गई।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट
इस घटना की रिपोर्ट भी थाने में अज्ञात के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत दर्ज करा दी गई है। रिपोर्ट कोर्ट के पेशकार चुन्नीलाल की ओर से दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सात मई की शाम छह बजे न्यायालय उपजिलाधिकारी सादाबाद की कोर्ट के अंदर जोरदार धमाका हुआ, आठ मई को सुबह छह बजे सफाई कर्मचारी गीतम सिंह द्वारा ताला खोलकर जब न्यायालय की सफाई कर रहे थे तो उस समय पटाखे की सुतली न्यायालय में मिली है। सफाईकर्मी द्वारा एसडीएम को इससे अवगत कराया गया। एसडीएम ने न्यायालय में आकर देखा तो चले हुए पटाखे की सुतली पड़ी थी, जिससे जले हुए बारूद की गंध आ रही थी, जो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाया गया था।
टायर फटने जैसी हुई थी आवाज
एसडीएम ने बताया कि रविवार की शाम सात बजे धमाके की आवाज तो सुनाई दी थी, लेकिन तब ऐसा लगा कि किसी वाहन का टायर फट गया है, इसलिए उसी दिन मामला संज्ञान में नहीं आ सका।
पूरे दिन वकीलों में रही घटना की चर्चा
घटना की चर्चा पूरे दिन अधिवक्ताओं में बनी रही। अधिवक्ता और वादकारियों में घटना को लेकर विभिन्न तथ्यों पर चर्चा होती रही। इस घटना से वकील भी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंजिल सिंह की मानें तो जल्द ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर खडे़ हुए सवाल
एसडीएम कोर्ट के अंदर हुई इस घटना के बाद कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एसडीएम कोर्ट सहित इसी परिसर में एसडीएम-सीओ कार्यालय और एसडीएम सीओ के आवास के अलावा अधिवक्ताओं के चैंबर भी हैं। तहसील कर्मचारी भी यहीं पीछे बने क्वार्टरों में निवास करते हैं। कोर्ट में हुई इस वारदात से अधिकारियों से लेकर आम लोग भी सन्न हैं। इसके मद्देनजर अब कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। हालांकि यह हादसा उस वक्त हुआ है, जब रविवार का अवकाश था।