अग्निशमन सप्ताह के तहत पंपलेट बांटते अग्निशमन अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। अग्निशमन सप्ताह के दूसरे दिन विभाग ने शहर में जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली में फायर ब्रिगेड के वाहनों ने सड़क पर दौड़कर लोगों को माइक के जरिए आग से बचाव के बारे में बताए और पंफलेट भी बांटे।
अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह ने एनाउंस करते हुए लोगों को बताया कि बिस्तर में लेटकर सिगरेट, बीड़ी नहीं पीएं और बिना बुझाए इनके टुकड़ों को इधर-उधर नहीं फेंकें। सिगरेट और बीड़ी के जलते टुकड़ों के कारण ही गेहूं के लांक में आग लगने के मामले सामने आते हैं। इस तरह के अग्निकांड में किसान की सालभर की मेहनत जलकर राख हो जाती है।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को माचिस नहीं दें और खाना पकाने के बाद चूल्हे को सही से बुझा दें। बताया कि ज्यादातर महिलाएं खाना पकाते समय आग की चपेट में आती हैं, इसलिए खाना बनाते समय कपड़ों का प्रयोग चूल्हे पर चढ़े बर्तनों को उतारने में नहीं करें और अपने कपड़ों को चूल्हे से बचाकर रखें। उन्होंने जलते हुए स्टोव और लालटेन में मिट्टी का तेल नहीं भरने और घर में बिजली के कटे-फटे तारों को बदलवाने या मरम्मत कराने की सलाह भी दी। सिंह ने कहा कि लोगाें को चाहिए कि वे सिलेंडर के पुराने पाइप को समय से बदल दें और लीकेज होने पर सिलेंडर को खुले स्थान पर ले जाकर रख दें।