मेंडू में बसपा समर्थकों ने चुनावी रंजिश निकालते हुए नवनिर्वाचित चेयरमैन मनोहर सिंह आर्य के बेटे ललितेश, उनके ड्राइवर मुकेश समेत चार लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मेंडू में हाल ही में आए नगर निकाय के चुनाव नतीजों में निर्दलीय उम्मीदवार मनोहर सिंह आर्य को जीत मिली है और बसपा प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा है। इससे बसपा समर्थकों में मायूसी है। सोमवार को बसपा समर्थकों ने नवनिर्वाचित चेयरमैन के बेटे को निशाना बनाते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। बचाव में आए दूसरे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। चेयरमैन मनोहर सिंह आर्य के बेटे डॉ. ललितेश हाथरस के रानी के नगला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं।
वह सुबह स्वास्थ्य केंद्र पर आने की तैयारी कर रहे थे। उनके ड्राइवर मुकेश निवासी पुत्र भगवान सिंह निवासी मेंडू एक स्कूल के पास एक दुकान पर चाय पीने गए थे। यहीं उनकी बसपा समर्थकों से कहासुनी हो गई। बसपा समर्थकों ने चालक मुकेश को पीट दिया। इसकी जानकारी डॉ. ललितेश को हुई तो वह अपने दो साथियों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। यहां भी आरोपियों ने डॉ. ललितेश और उनके साथियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें बचाया।
मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। मारपीट में डॉ. ललितेश निवासी नगला रूंद, मुकेश निवासी मेंडू, सचिन पुत्र विजय सिंह निवासी शाहरपुर तथा शिक्षक सुंदर पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव कैंथल, गोंडा घायल हो गए।सुंदर के सिर में गहरी चोट पहुंची है। कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।