शहर में चोरी की वारदातों पर पुलिस लगाम नहीं कस पा रही। शुक्रवार रात को चोरों ने कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में तालाब चौराहे से अलीगढ़ रोड की ओर महज 500 मीटर की दूरी पर दो दुकानों के ताले चटका दिए। एक दुकान से चोर लाखों की बैटरी और इनवर्टर ले गए। दूसरी दुकान के ताले चटकाए जाने के बावजूद चोर इस दुकान से कोई सामान चोरी कर नहीं ले जा सके।
दुकान के मालिक शैजी खान पुत्र सईद खान निवासी किला गेट ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा है कि एक दिसंबर की रात को चोरों ने उनकी हनुमान वाटिका स्थित दुकान शैजी बैटरी हाउस के ताले तोड़कर लाखों की बैटरी और इनवर्टर चोरी कर लिया। शैजी खान के मुताबिक चोर दुकान से 1.80 लाख रुपये कीमत की 23 बैटरी और 16 हजार रुपये कीमत के चार इनवर्टर चोरी कर ले गए। चोर दुकान में गल्ले में रखे 3200 रुपये भी ले गए। इस तरह चोरों ने 1.99 लाख रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली।
चोरों ने शैजी की दुकान के बगल में मौजूद कविता पत्नी प्रेमचंद्र गुप्ता निवासी डाकखाना वाली गली की दुकान हाथरस बैटरी हाउस के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश की लेकिन किसी कारणवश चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके। चोरी की सूचना पर जांच को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस भी पहुंची। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। हैरत की बात यह भी है कि यह अलीगढ़ रोड का वह हिस्सा है जहां हर समय वाहनों का आवागमन रहता है। थाना भी यहां से ज्यादा दूर नहीं है और तालाब चौराहे से भी यह जगह पास है। पुलिस की गश्त के बावजूद शहर में चोरी की वारदात पुलिस के लिए चिंता का विषय है।