कोतवाली क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर मरघट के निकट पुलिस ने एक तिजोरी और उसमें से चेक बुक बरामद की गई है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया। पुलिस ने तिजोरी के बारे में छानबीन की। शाखा प्रबंधक द्वारा इस घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली चौराहे के निकट हाथरस-आगरा रोड स्थित राधे गार्डन के बराबर गली में सहारा इंडिया परिवार का कार्यालय है। इसमें बलवीर सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी बीडीओ गली हाथरस जंक्शन शाखा प्रबंधक के रूप में तैनात हैं। रविवार की सुबह एक क्षतिग्रस्त तिजोरी और उसके पास पड़ी चेक बुक देखकर वहां काफी भीड़ लग गई। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन भी कराई, लेकिन तिजोरी और इन चेक बुकों का राज नहीं खुल सका। काफी मशक्कत के बाद पुलिस को पता चला कि पास में ही सहारा इंडिया परिवार का कार्यालय है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची वहां ताला टूटा देखकर पुलिस को पूरा माजरा समझ आ गया।
पुलिस ने किसी तरह शाखा प्रबंधक का नंबर हासिल किया और फोन कर उन्हें मौके पर बुलाया। शाखा प्रबंधक ने तिजोरी एवं चेक बुक देखकर माना कि यह उनके कार्यालय की ही हैं। उन्होंने कार्यालय का ताला टूटा होने की बात भी स्वीकार की है। इसके बाद मौके पर सीओ पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची। शाखा प्रबंधक द्वारा नकदी एवं किसी कीमती सामान जाने की बात स्वीकार नहीं की गई है। शाखा प्रबंधक ने घटना को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि घटनास्थल पर तिजोरी एवं चेक बुक मौके पर पड़ी मिली। नकदी एवं अन्य कोई सामान नहीं गया है। घटना की छानबीन की जानकारी की जा रही है।