एक 16 वर्षीय नाबालिग के विवाहिता से शादी रचा लेने पर शुक्रवार को सदर कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ। किशोर के नाबालिग होने पर पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया] लेकिन किशोर परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं हो रहा था। परिजन उसे जबरन खींचकर अपने साथ ले गए। इसे लेकर थाने में देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस के मुताबिक किशोर मुरसान क्षेत्र के गांव का रहने वाला है। वह एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। बीते काफी दिनों से किशोर का पास के एक गांव में एक चिकित्सक के यहां आना-जाना था। यहीं विवाहिता से किशोर की पहली मुलाकात हुई। विवाहिता के पहले पति की हादसे में मौत हो जाने पर परिजनों ने उसकी दूसरी शादी कर दी थी। दूसरी शादी के बाद महिला ने एक संतान को जन्म दिया। हालांकि दूसरे पति ने भी उसे मारपीट के बाद घर से निकाल दिया।
परेशान विवाहिता और किशोर की मुलाकात अक्सर चिकित्सक के यहां होती थी। इससे दोनों एक-दूसरे के नजदीक आ गए। दोनों एक-दूसरे से काफी समय से संपर्क में थे। 15 दिन पहले किशोर विवाहिता के साथ लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश में पुलिस से भी शिकायत की थी। हाल ही में परिजनों को पता चला कि किशोर विवाहिता को लेकर सदर कोतवाली क्षेत्र में रह रहा है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर शनिवार को दोनों को बरामद कर लिया। दोनों को थाने लाया गया जहां किशोर विवाहिता के साथ रहने की जिद पर अड़ा रहा। हालांकि पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया लेकिन परिजनों को किशोर को थाने से ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार ने बताया कि किशोर नाबालिग है, उसे परिजनों को सौंपा गया है। विवाहिता ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।