चामड़ गेट इलाके में चौपइया वाले नौहरे में दो गोदामों में चल रहे काले तेल के गोरखधंधे में तीसरे दिन शुक्रवार रात को दो मुकदमे दर्ज किए गए। पूर्ति निरीक्षक सुमन सारस्वत ने एक मुकदमे में चार और दूसरे मुकदमे में एक आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पूर्ति निरीक्षक ने जगमोहन के गोदाम पर छापे में मिले हजारों लीटर तेल के मामले में मेंडू गेट इलाके में महाजन धर्मशाला के पास रहने वाले निक्की वार्ष्णेय पुत्र दयाशंकर वार्ष्णेय, तरुण पोद्दार पुत्र नारायण पोद्दार निवासी बिछुआ गली, नीरज चौधरी उर्फ नीरा निवासी टुकसान और गोदाम की देखरेख करने वाले धीरज को आरोपी बनाया गया है। वहीं विनोद कुमार के गोदाम पर मारे गए छापे के मामले में घंटाघर निवासी अंकित अग्रवाल को आरोपी बनाया गया है।
सीओ सिटी सुमन कनौजिया और एसडीएम अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को दोनों गोदामों पर छापा मारकर हजारों लीटर मिट्टी का तेल पकड़ा था। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज करने के लिए डीएम की अनुमति का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार रात इस मामले में पुलिस को डीएम की अनुमति मिल गई और आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।