कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को फिर बाइकर्स लुटेरों ने चुनौती दी है। रविवार शाम को अपन थैले में जेवरात रखकर अपने घर बाजार जा रहे एक व्यक्ति की कनपटी पर तमंचा तानकर बाइकर्स ने थैला छीन लिया। इसमें एक लाख से अधिक के सोने के आभूषण थे।
इस संबंध में पीड़ित विकास दीक्षित निवासी रहना ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को तहरीर दी है। विकास के अनुसार वह अपने घर से खेती में लागत लगाने के लिए अपने जेवरात थैले में रखकर बाजार आ रहा था। वह इन जेवरातों को किसी सुनार के पास गिरवी रखकर खेती में लागत के लिए पैसे लेने के इरादे से निकला था। इसी दौरान जब वह गांव संगीला के निकट जीडीएम मॉर्डन डिग्री कॉलेज से कुछ आगे निकला, बाइक सवार तीन युवक आए और उनमें से एक ने उसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया। एक ने उसके हाथ में लगा थैला छीन लिया और बाइक पर सवार होकर भाग गए।
विकास के अनुसार उसके थैले में मोबाइल, सोने का पेंडल, दो अंगूठी, झुमकी आदि जेवरात रखे हुए थे। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में छानबीन भी की। कुछ लोगाें से बाइक सवार युवकों के बारे में पूछताछ भी की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका है। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों को शीघ्र पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।