मुरसान कस्बे में दो बाइक सवार युवक एक सराफ की दुकान से चेन लेकर भाग निकले। वारदात की खबर के बाद कस्बे में चेकिंग कराकर आरोपियों को दबोचने की कोशिश की गई, लेकिन उनका कहीं कुछ अता-पता नहीं लगा। हालांकि देर शाम तक सराफ ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी थी।
कस्बे के छोटा बाजार में सराफ की दुकान पर दोपहर करीब तीन बजे दो बाइक सवार युवक खरीदार बनकर पहुंचे। इन्होंने पहले एक चांदी का सिक्का खरीदा और फिर सोने का ओम। दोनों के बदले ढाई हजार रुपये देने के बाद आरोपी युवक चलने लगे, फिर रुककर आरोपियों ने सराफ से सोने की चेन दिखाने को कहा। पहले खरीदारी के बाद रुपये मिलने से सराफ को बाइक सवारों पर भरोसा हो गया था। उसने सोने की चेन देखने के लिए दे दी। सराफ दूसरे ग्राहकों को सामान दिखाने में व्यस्त हो गया।
इसी दौरान आरोपियों में से एक दुकान से नीचे उतरकर आया और उसने बाइक स्टार्ट कर ली। दूसरा आरोपी दुकान से कूदकर बाइक पर बैठकर चला गया और सराफ देखता रह गया। कोतवाल डीके सिसौदिया का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।