हाथरस। तीन महीने पहले शादी का झांसा देकर एक बैंक अफसर युवती को बहला-फुसलाकर मथुरा ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया गया। यही नहीं शादी करना तो दूर आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म के बाद उसे जहर खाकर आत्महत्या करने के लिए भी उकसाया, जिसके बाद युवती ने अपने हाथ की नस काट ली। पुलिस के मुकदमा दर्ज नहीं करने पर पीड़िता ने कोर्ट से गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता (27) के मुताबिक बीते साल नवंबर में पंकज नाम का एक फील्ड ऑफिसर ट्रांसफर होकर यहां आया था। इसके बाद उसने युवती की मां से किराए पर कमरा दिलाने की बात कही। युवती की मां ने उसे अपने घर के पास कमरा दिला दिया। इसके बाद पंकज ने युवती के घर आना-जाना शुरू कर दिया।
एक दिन पंकज ने युवती की मां से उसका हाथ मांग लिया। समान जाति का होने के कारण युवती की मां ने अपनी सहमति दे दी। पंकज ने शादी की बात कहकर युवती को मोबाइल फोन गिफ्ट किया। फोन पर दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। नजदीकियां बढ़ने के बाद 18 नवंबर को पंकज ने युवती को फोन कर मथुरा घूमने चलने के लिए कहा।
आरोपी बहला-फुसलाकर पीड़िता को अगले दिन 19 नवंबर को मथुरा ले गया। यहां उसका एक साथी पुनीत मिला, जो दोनों को एक कमरे में ले गया। कमरे में खाने-पीने का सामान रखा हुआ था। पुनीत के जाने के बाद पंकज ने युवती के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश शुरू कर दी। युवती ने जब विरोध किया तो उसने बहुत जल्द शादी करने का वादा किया और फिर दुष्कर्म किया।
मथुरा से आने के बाद जब युवती ने शादी के बारे में पूछा तो आरोपी मुकर गया। आरोपी पंकज ने युवती से जहर खाकर जान देने की बात भी कही। इसके बाद युवती ने अपने हाथ की नस काट ली। बमुश्किल उसे बचाया जा सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। शनिवार को कोर्ट के आदेश पर पंकज और उसके साथी पुनीत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल अनिल कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।