एएनएम के पुत्र द्वारा सीएमओ आवास पर आत्म हत्या की धमकी देने पर जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग में तैनात एएनएम का बेटा अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर सीएमओ आवास में घुस गया। यहां पर उसने सीएमओ को आत्मदाह की धमकी दी। एएनएम को पहाड़पुर स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात किए जाने से उसका बेटा नाराज था। पुलिस के आने से पहले ही वह भाग गया।
हाथरस जंक्शन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर राजवती एएनएम के पद पर तैनात थी। जिसे अब पहाड़पुर उप केंद्र पर तैनात कर दिया गया है। इस बात से नाराज एएनएम का बेटा सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे सीएमओ आवास पर पहुंच गया। यहां पर उसने बाइक से पेट्रोल निकाल कर अपने ऊपर छिड़की और सीएमओ आवास के अंदर दाखिल हो सीएमओ को आत्मदाह की धमकी देने लगा। जिसके बाद खलबली मच गई और इस बात की सूचना सीएमओ ने हाथरस गेट पुलिस को दे दी। इससे पहले कि पुलिस आती युवक वहां से भाग गया।
इस सिलसिले में सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि हाथरस जंक्शन में तैनात राजवती की काफी शिकायतें मिल रहीं थी। इधर पहाड़पुर जिलाधिकारी का गोद लिया गांव है, इसलिए यहां पर एएनएम को तैनात कर दिया गया। एएनएम का बेटा पूर्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रहाथरस जंक्शन में भी हंगामा कर चुका है।