हाथरस। लूटपाट के शिकार युवक ने रविवार को गृह क्लेश से तंग आकर सल्फास खा लिया। जिला अस्पताल में देर तक डॉक्टर युवक की हालत में सुधार लाने के लिए जूझते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने युवक को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक के परिजनों का कहना है कि वह शनिवार को अलीगढ़ गया था। वहां कुछ लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। अचेत अवस्था में उसके पास रखे पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन को आरोपी लूटकर ले गए। होश आने पर वह किसी तरह हाथरस में अपने घर पहुंचा। इसके बाद जब परिजनों ने रुपये और मोबाइल को लेकर उससे पूछताछ की तो उसने लूट होने के बारे में बताया। इसे लेकर घर में झगड़ा हुआ। किसी को उसकी बात पर यकीन नहीं आया। इससे आहत होकर उसने सल्फास की गोली खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों को उसके जहर खाने के बारे में पता चला। परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। रविवार शाम तक उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।