सीओ सादाबाद सहपऊ थाने में खुलासा करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
सहपऊ/हाथरस। सहपऊ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छह शातिर बदमाशों को दबोचने का दावा किया है। पुलिस का यह भी दावा है कि पकड़े गए चोरों ने सहपऊ और सादाबाद में लूट और चोरी की कई वारदातों को कबूला है। पुलिस ने बदमाशों के पास से तलाशी में कई अवैध हथियार और नशीला पाउडर भी बरामद किया है।
सहपऊ थाने में प्रेसवार्ता कर सीओ नरेंद्र देव ने बताया कि रविवार की रात को कोतवाली प्रभारी संजय यादव और एसआई याद राम अन्य सिपाहियों के साथ गश्त पर थे। सादाबाद-जलेसर मार्ग पर सेंदरिया मोड़ के नजदीक पुलिस को कुछ लोग संदिग्ध हालत में घूमते नजर आए। युवकों को ललकारने पर उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। इसमें एक सिपाही बाल-बाल बच गया। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों को चारों ओर से घेर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक पोनिया 12 बोर, दो तमंचे 315 बोर, नशीला पाउडर और कारतूस मिले। पूछताछ करने पर बदमाशों ने अपने नाम कन्हैया पुत्र भगवान सिंह, करुआ पुत्र देवी राम, गौरी पुत्र हरप्रसाद, सुभाष पुत्र धनीराम, बलवीर पुत्र तोताराम निवासीगण बाग बधिक और अरुण कुमार उर्फ अन्ना पुत्र लखमी चंद उर्फ हजारी निवासी बुढ़ाइच बताया है।