न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आयोग के निर्देश पर आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं राजवीर दिलेर का कहना है कि उन्होंने हाल फिलहाल में ऐसी कोई बात नहीं कही है। यह उनका पुराना वीडियो है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह यह कहते हुए दिखाए गए हैं कि यदि उनके कार्यकर्ता को किसी ने टच किया तो वह लाठी-डंडे तो क्या गोली चलाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस पर आयोग ने जिला प्रशासन से आख्या मांगी थी। अब इस मामले में थाना हाथरस गेट में आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा का कहना है कि मुकदमा दर्ज कराया गया है। इधर, भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर का कहना है कि उन्होंने हाल फिलहाल में ऐसी कोई बात नहीं कही। उनका यह वीडियो नगर पालिकाध्यक्ष के चुनाव के समय का है। अभी तक उनके पास न प्रशासन ने कोई नोटिस भेजा है और न चुनाव आयोग ने। नोटिस मिला तो वह इसका सटीक उत्तर देंगे।