हाथरस। नगरपालिका परिषद के टाउन हॉल में आपातकालीन बोर्ड की बैठक हुई। यह बैठक सभासदों द्वारा आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद बुलाई गई। बोर्ड के समक्ष सात प्रस्ताव रखे गए जिनमें से चार प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास किया गया जबकि शेष तीन प्रस्तावों को आगामी बोर्ड बैठक में रखने का निर्णय गया।
एक घंटे देरी से बैठक शुरू होने पर सभासदों में रोष देखा गया। कई बार सभासदों और अधिकारियों के बीच नोक झोंक हुई। बता दें कि 27 जून को घंटाघर पर सभासदों ने क्रमिक अनशन की चेतावनी दी थी। इसी के चलते आनन-फानन में प्रस्ताव तैयार कर बैठक बुलाई गई।
बोर्ड बैठक में शहर की सफाई के लिए 100 संविदा सफाई कर्मचारी रखे जाने, शहर के सभी नालों की तड़ी झाड़ सफाई, मोहन गंज में सड़क पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण और गली भुर्जियान में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य के प्रस्ताव पास हुए हैं। जबकि शहर के चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, जलेसर रोड पर नालों का निर्माण व तालाब चौराहे से डीआरबी इंटर कॉलेज तक सड़क की पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखे जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में ईओ बालकृष्ण कुम्हेरिया, सभासद बाला शर्मा, आशीष गोयल, प्रदीप शर्मा, प्रशांत शर्मा, मनोज अग्निहोत्री, मनीष अग्रवाल पीपा, देवेंद्र शर्मा, मीना भारती, लक्ष्मी देवी, गीता प्रेमी, रामजी लाल वर्मा, शिवकुमार वार्ष्णेय, टीपा गुरु, रामजी लाल वर्मा, असलम बेग, नईम, वैभव गौतम, सुरेश चौधरी, विजय सविता आदि सभासद मौजूद थे।