न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के आगरा-अलीगढ वाईपास पर कपूरा के निकट हाइवे पर दो डंफर आपस में टकरा गए। इससे एक डंफर का चालक बुरी तरह से फंस गया। गैस कटर से डंफर की बॉडी काट कर उसे गंभीर हालत में निकाला गया। हाइवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।
रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में लगे 2 डंफर बुधवार सुबह आगरा-अलीगढ वाईपास पर जा रहे थे, तभी कपूरा चौराहा के पास एक कार को बचाने के प्रयास में पीछे चल रहा डंफर अपने आगे चल रहे डंफर में पीछे से घुस गया। उक्त डंफर का परिचालक तो कूदकर भाग गया, लेकिन चालक उसमें फंसा रह गया। उसकी स्टेयरिंग में इतनी बुरी तरह फंस गया कि उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई। स्टेयरिंग के बीच फंसे वाहन को निकालने में वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। बाद में जेसीबी भी मौके पर पहुंच गई. वाहनों के बीच हुई भीडंत से हाइवे पर जाम लग गया, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया। वाहनों की भी लम्बी-लम्बी लाइनें लग गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड लग गई। थाना चंदपा पुलिस भी पहुंच गई। डम्फर की केबिन में फंसे चालक को ग्रामीणों ने गैस कटर से डंफर की बॉडी काटकर बाहर निकाला। घायल को उपचार हेतु बागला अस्पताल लाया गया। जहां, से घायल 32 वर्षीय ट्रक चालक मुकेश को गंभीर हालत में अलीगढ रैफर किया गया है। पुलिस ने क्रेन से डंफर को हटवा कर हाइवे पर यातायात को सुचारू कराया गया।