न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सिकंदराराऊ। जीटी रोड जलेसर बस अड्डे पर बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे उस समय भगदड़ मच गई, जब मकान मालिक और किराएदार आपस में भिड़ गए। करीब दस मिनट तक हुए पथराव और मारपीट में किराएदार घायल हो गए। सीएचसी से एक शख्स को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। कोतवाली नजदीक होने से पुलिस भी जल्द पहुंच गई और हालात बिगड़ने से बचा लिए।
बता दें कि जलेसर अड्डे पर दो भाई जाबिर और इमरान चाय की दुकान चलाते हैं। दुकान के मालिक राशिद फैसल और नवेद हैं। बुधवार को दुकान को लेकर दोनों पक्षों में आपस में वाद-विवाद हुआ, जिसने थोड़ी देर में मारपीट की शक्ल ले ली। लाठी-डंडे चलने के बाद दोनों तरफ से पथराव होने लगा। पथराव होते ही जीटी रोड पर भगदड़ मच गई। एक ईंट इमरान के सिर में लगी और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा।
दूसरे भाई जाबिर का सिर ईंट लगने से फट गया और खून बहने लगा। नजदीक में कोतवाली होने से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और किसी तरह हालात काबू में किए। घायल जाबिर और इमरान को सीएचसी ले जाया गया, जहां से इमरान को रेफर कर दिया गया। मारपीट में दूसरे पक्ष से राशिद, फैसल, नवेद के नाम सामने आए हैं। खबर लिखने तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।