न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे के बाद घटना स्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक चीख पुकार मच गई, जिसने भी सुना सन्न रह गया। अस्पताल परिसर में जब चारों शव आए तो कोहराम मचा रहा। मृतकों के परिजनों का करुण-कंद्रन देर शाम तक रहा।
जब यमुना एक्सप्रेस वे पर लोगों ने दुर्घटना का दृश्य देखा तो वह सिहर उठे। घायल वाहनों में फंसे चीख-पुकार कर रहे थे। गाड़ियां भी काफी क्षतिग्रस्त अवस्था में थीं। कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक कर उन्हें वहां से जैसे-तैसे निकाला और तड़पते हुए घायलों को इलाज के लिए भिजवाया।
वहीं दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को यहां लेकर आई। इस दौरान शवों को जब यहां बागला अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम गृह पर लाया गया तो वहां उनके परिजन पहुंच गए। परिजनों ने शवों की शिनाख्त की और उनके रोने से कोहराम मच गया।
देर शाम तक उनका करुण-कंद्रन जारी था। वहीं, दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहे पंकज यादव ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल में पहुंचाया। पंकज यादव ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका है।