न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
सेठ हरचनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज के वरिष्ठ लिपिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आधा दर्जन नामजदों सहित नौ के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। यह रिपोर्ट लिपिक के बेटे ने दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि नामजदों द्वारा पूर्व में भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला है, जिससे हमलावरों की पहचान हो सके।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली सदर क्षेत्र के सेठ हरचरन दास गर्ल्स इंटर कॉलेज में वरिष्ठ लिपिक मोहल्ला बालापट्टी निवासी मदन मोहन गौतम पर शुक्रवार की दोपहर को जानलेवा हमला किया था। बाइकर्स ने उन पर तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर में लगी है। हमलावरों ने रामनगर कॉलोनी और पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी में उनके साथ गोली मारने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने लिपिक को जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।
जहां पर लिपिक का उपचार जारी है। शनिवार को लिपिक के पुत्र यशोमणी गौतम ने कोतवाली में तहरीर देकर आधा दर्जन नामजदों सहित नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में तजवंत कालरा उर्फ डब्बू, श्यामसुंदर शर्मा निवासी चामड़ गेट, कैलाशचंद्र जैन निवासी चक्की बाजार, योगेश बघेल लिपिक निवासी मुरसान, गौरव शर्मा लिपिक निवासी मुरसान गेट, महेंद्र सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।