न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
एटीएम पर बैंक ग्राहकों से एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वालों से लोग सावधान रहें। शनिवार को एटीएम से छेड़छाड़ कर रहे एक युवक को एटीएम कर्मियों ने पकड़ लिया। एटीएम कर्मियों ने इस शातिर युवक को बैंक अधिकारियों के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ ले गई।
जानकारी के मुताबिक हाथरस रोड पर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम है। शनिवार को दो युवक एटीएम के आसपास खड़े थे। एटीएम कर्मियों को कुछ शक हुआ तो वह इनकी निगरानी करने लगे। इसी दौरान वहां एक युवती आई, इन युवकों ने युवती को अपने जाल में फंसाना चाहा और उसका एटीएम उससे ले लिया । युवक ने एटीएम युवती को थमा दिया, लेकिन रुपये नहीं दिए।
इस दौरान कर्मियों ने इनमें से एक युवक को तो पकड़ लिया, लेकिन दूसरा भाग गया। पकड़े गए युवक को बैंक अधिकारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। बताते हैं कि यह युवक एटीएम को हैक करने की कोशिश कर रहे थे। युवती ने भी इन युवकों की थाने में शिकायत की।