क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट के गांव सोखना में आधी रात को आग में झुलसी महिला ने पति व जेठ पर ही आग लगाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर कोतवाली हाथरस गेट में पति व जेठ के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा दर्ज हुआ है।
उल्लेखनीय है कि एक अप्रैल की रात को पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अब कोतवाली हाथरस गेट में नीतू पत्नी शिवकुमार का आरोप है कि उसके पति व जेठ बीरी सिंह ने आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की है।
जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। महिला को मायके पक्ष के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया था। यहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जिसके बाद अब कोतवाली हाथरस गेट में महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।