न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर से अचानक बच्ची के गुम होने की जानकारी होते ही उसकी मां के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी बच्ची नहीं मिली तो महिला थाने पहुंची, लेकिन दो घंटे बाद बच्ची को लेकर एक महिला थाने आ गई, जिसके बाद मां ने राहत की सांस ली। सासनी के रेलवे स्टेशन निवासी श्रीदेवी पत्नी शेर सिंह अपनी मीतई निवासी मां प्रेमवती के साथ जिला अस्पताल से शुक्रवार को दवा लेने आई थी।
उसके साथ उसकी ढाई साल की बेटी अदिती भी थी। पर्चा बनवाने के बाद उसने देखा को बच्ची वहां से गायब थी। अस्पताल में परिसर में इधर-उधर बच्ची को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद मां बेटी रोते बिलखते हुए कोतवाली हाथरस गेट पहुंचीं।
पुलिस कर्मियों ने भी बच्ची को तलाशना शुरू कर दिया। करीब दो घंटे बाद इगलास अड्डा निवासी सुनीता नाम की महिला बच्ची को लेकर कोतवाली हाथरस गेट पहुंची। उसने बताया कि बच्ची रोते-रोते इगलास अड्डे पर पहुंच गई थी। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।