न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के कंचना फाटक के पास एक बाइक सवार युवक के साथ दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश युवक की कनपटी पर तमंचा रखकर बाइक, मोबाइल फोन और 27 हजार 700 रुपए पार कर ले गए।
शहर की सुखराम कॉलोनी सोखना रोड निवासी अंकुर कुमार पुत्र हरिओम मंगलवार की रात को करीब मुंबई से भरतपुर गोल्डन टेम्पल ट्रेन से आया। यहां से अंकुर अपने भाई की बाइक लेकर हाथरस के लिए निकल पड़ा। अंकुर का कहना है कि कंचना फाटक के पास रात करीब साढ़े 11 बजे दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करके रुकवा लिया।
यहां सिर पर तमंचा और चाकू लगाकर बदमाश बाइक, मोबाइल और 27 हजार 700 रुपए लेकर फरार हो गए। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराने अकुंर मुरसान थाने पहुंचा। एसएचओ योगेश कुमार सिरोही ने बताया कि रात को मौके पर हमारी पुलिस पहुंची थी। सोनई के पास की घटना है। वहां मामला दर्ज करने से मना कर दिया होगा तो अब ये यहां आया है, जबकि रात को इसके द्वारा घटना स्थल की दी गई जानकारी की हमारे पास वीडियो है।