न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कोतवाली में तैनात एक सिपाही को शनिवार की रात कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में सिपाही को रात में ही आगरा रेफर कर दिया गया। इधर, दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़ कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली में तैनात सिपाही प्रबल कुमार कोतवाली के ही हेड कांस्टेबल हमीद खां के साथ शनिवार की रात पुरदिलनगर में गश्त पर थे। रात में जब वे पुरदिलनगर रोड पर बन रहे एचकेजीएन स्कूल पर थे तभी जलेसर की तरफ से तेज गति से आ रही वैगन आर कार ने रौंद दिया।
सिपाही कार में फंस कर काफी दूर घिसटता चला गया। इससे उसके शरीर पर गंभीर तथा गहरे घाव हो गए। रात में ही घायल को सीएचसी लाया गया। घटना की रिपोर्ट हेड कांस्टेबल हमीद खां ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ दर्ज कराई है ।पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।