न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सिंडिकेट बैंक के एजेंट का रुपयों से भरा बैग किसी ने पार कर दिया। बैग में कलेक्शन के तीस हजार रुपये और बैंक की मशीन, सरकारी कागजात आदि सामान रखा था। बैग गुम होने की यह घटना मंगलवार की रात उस वक्त हुई जब एजेंट नगर की सब्जी मंडी में कलेक्शन कर रहा था। एजेंट ने इस संबंध में थाने में बैग के गुम हो जाने की तहरीर दी है।
सिंडिकेट बैंक के एजेंट विष्णु कुमार पुत्र माधव प्रकाश निवासी आगरा बाईपास रोड सादाबाद ने तहरीर में बताया कि वह नगर पंचायत के बराबर एक महिला से कलेक्शन कर सब्जी मंडी में गया था। उसका बैग स्कूटी पर रखा हुआ था, जो अचानक कहीं गुम हो गया।
बैग में बैंक की मशीन, सरकारी कागज के अलावा पहचान पत्र, और कलेक्शन के तीस हजार रु पये थे। उसने बताया कि नगर पंचायत के दफ्तर से लेकर मनोज किराना सब्जी मंडी जवाहर बाजार तक उसका बैग स्कूटर से गुम हो गया। बैग को काफी ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला।